केंद्र में बनेगी कांग्रेस की सरकार : राहुल गांधी

Rahul gandhi in dehradun
देहरादून के परेड मैदान में जनसभा को संबोधित करते राहुल गांधी।
Rahul gandhi in dehradun

देहरादून। Rahul gandhi in dehradun कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने देहरादून के परेड मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। यह सरकार ऐतिहासिक कदम उठाएगी। हर गरीब को न्यूनतम इनकम की गारंटी दी जाएगी। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। कहा अगर मोदी पंद्रह-बीस लोगों को लाखों करोड़ दे सकते हैं, तो कांग्रेस की सरकार बनने पर देश के हर गरीब को पैसा दिया जाएगा।

न्यूनतम इनकम की गारंटी मिलेगी। ऐसा ऐतिहासिक फैसला हमने लिया है। उत्तराखंड का देश की सुरक्षा में जो योगदान है, उसका दिल से धन्यवाद करता हूं। देश रक्षा के लिए यहां के जवान हमेशा आगे रहे हैं। उन्होंने पुलवामा हमले को लेकर भी केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आतंकी हमले के बाद हम भाजपा सरकार के साथ खड़े थे, लेकिन मोदी कॉर्बेट में शूटिंग में बिजी रहे। इतना ही नहीं इस दौरान राहुल ने मंच से चौकीदार चोर है के नारे भी लगाए।

राहुल ने एक बार फिर से किसानों को लेकर मोदी पर हमला बोला। परेड मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं किसानों का कर्जा माफ करेंगे, लेकिन उस वादे का क्या हुआ। हमने भी मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में वही बात की और दस दिन के भीतर कर्ज माफ भी कर दिया। मोदी के पंद्रह लाख का वादा भी हवाई साबित हुआ। उनका कहना है कि देश के सामने दो समस्या, रोजगार, किसानों की समस्या है।

Rahul gandhi in dehradun
राहुल गांधी की रैली में वाद्य यंत्रों के साथ पहुंचे लोग।

पांच साल में मोदी ने इन दोनों के बारे में कुछ नहीं सोचा। तूफान आता है किसान का पैसा अंबानी के खाते में जाता है। हमने निर्णय ले लिया। यदि मोदी पंद्रह बीस लोगों को लाखों करोड़ दे सकता है, तो कांग्रेस की सरकार बनने पर हिंदुस्तान के गरीब को पैसा देगी। मिनिमम इंकम की गारंटी मिलेगी। ऐसा ऐतिहासिक फैसला हमने लिया है। राहुल ने इस दौरान राफेल को लेकर अंबानी को भी आड़े हाथ लिया।

राफेल सौदेबाजी दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला

उन्होंने जनता से सवाल करते हुए कहा कि कोई है यहां जिसने अनिल अंबानी का नाम नहीं सुना। उन्होंने आगे कहा कि क्या अंबानी ने आजतक कोई हवाई जहाज बनाया है। उन्होंने कहा कि कॉन्ट्रेक्ट मिलने से ठीक पहले अनिल अंबानी नई कंपनी खोलते हैं, उसी कंपनी को दुनिया का सबसे बड़ा राफेल का कॉन्ट्रेक्ट मिल जाता है। अनिल अंबानी को मोदी ने 30 हजार करोड़ रुपये सीधे दे दिए। इसलिए राफेल सौदेबाजी दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला है।

मोदी ने देश की जनता को गुमराह किया है। उन्होंने ये भी कहा कि जब सीबीआइ चीफ ने कहा कि वे इस घोटाले की जांच करेंगे, तो उन्हें डेढ़ बजे रात को निकाल दिया जाता है। राहुल ने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति ने भी यह स्वीकार किया कि मोदी ने सीधी बात फ्रांस की कंपनी से की। राहुल गांधी ने कहा कि आखिर मनीष खंडूड़ी आज कांग्रेस में क्यों हैं। भुवन चंद्र खंडूड़ी देश की डिफेंस सर्विसेज कमेटी के सदस्य थे।

आखिर मोदी ने उन्हें कमेटी से क्यों हटा दिया। खंडूड़ी को सच बोलने की सजा मिली है। उन्होंने कहा कि पहले नारा था ‘अच्छे दिन आएंगे’ अब नया नारा है ‘चौकीदार चोर है’। मुझे बहुत खुशी हुई कि मनीष खंडूड़ी यहां मौजूद हैं। उनके पिता ने पार्लियामेंट डिफेंस कमिटी में देश की रक्षा को लेकर एक प्रश्न पूछा तो उन्हें उस कमिटी की चेयरमैनशिप से नरेंद्र मोदी ने हटा दिया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा का मामला है। क्या उन्होंने कुछ गलत कहा।

भाजपा में सच्चाई के लिए कोई जगह नहीं है। उन्हें सच बोलने की सजा मिली है। राहुल ने कहा कि मैं एक बड़ी घोषणा कर रहा हूं। हम गब्बर सिंह टैक्स (जीएसटी) को सच्ची जीएसटी में बदल देंगे। एक टैक्स होगा, साधरण टैक्स होगा। नरेंद्र मोदी की भयंकर गलती की माफी मैं आप लोगों से मांगता हूं। पुलवामा हमले के दिन हिंदुस्तान के छह एयरपोर्ट अडानी को दिए गए। माल्या और नीरव मोदी को भगाने में मोदी का हाथ है।

राज्य की सरकार दो साल में पूरी तरह से फेल

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी परिवर्तन रैली को संबोधित करने के लिए दून के परेड मैदान पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। जिसके बाद राहुल गांधी ने भाजपा नेता एंव पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के बेटे मनीष खंडूड़ी को कांग्रेस में शामिल किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतर पाई है। राज्य की सरकार दो साल में पूरी तरह से फेल हुई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने जनता को संबोधित करते हुए भाजपा को आड़े हाथ लिया।

उन्होंने कहा कि अगर कोई नौजवान की उम्मीदों पर खरा उतर सकता है तो वे सिर्फ राहुल गांधी हैं। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम ने जिन नौजवानों ने को छला है वे आज आस भरी निगाहों से राहुल गांधी की तरफ देख रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि मनीष खंडूड़ी का कांग्रेस में आना इस बात का संकेत हैं कि युवा बीजेपी से परेशान है।

रैली को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास बलिदान और आजादी की लड़ाई का इतिहास है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अपना इतिहास बताए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ बोलकर सत्ता में आई है। उन्होंने युवाओं को रोजगार के नाम पर ठगा है।

जरा इसे भी पढ़ें