Home Uttarakhand Dehradun युवाओं के लिए ‘पांच गारंटी’ से आएगी रोजगार क्रांति : कांग्रेस

युवाओं के लिए ‘पांच गारंटी’ से आएगी रोजगार क्रांति : कांग्रेस

Employment revolution will come through five guarantees

देहरादून। Employment revolution will come through five guarantees लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले पीएम मोदी की गारंटियों के जवाब में कांग्रेस ने भी पांच गारंटियों का पासा फैंका है। युवाओं-बेरोजगारों को ध्यान में रख कांग्रेस ने 30 लाख रोजगार मुहय्या कराने, पेपर लीक से मुक्ति दिलाने व सामाजिक सुरक्षा देने सहित पांच वादे किये हैं।

शनिवार को उत्तराखण्ड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने युवाओं के लिए पांच गारंटी का एलान किया है। यह पांच गारंटिया युवाओं-बेरोजगारों की दशा और दिशा बदल देगी।

कहा कि कांग्रेस ने आम जनमानस को ध्यान में रखते हुए पांच गारंटी देने का वादा किया है, अगर केंद्र में कांग्रेस गठबंधन की सरकार आती है, तो केंद्र के 30 लाख खाली पड़े पदों पर भर्तियां शुरू की जाएगी। एक कैलेंडर जारी करेंगे और उसके अनुसार समयबद्ध तरीके से भर्ती की प्रक्रिया पूरी करेंगे। इसके अलावा पब्लिक सेक्टर्स, रेलवे, सेना, अर्द्वसैनिक बलों, स्वास्थ्य शिक्षा, आगनवांडी, आशा कार्यकत्रि आदि क्षेत्रों में नये पदों का सृजन कर रोजगार के अवसर पैदा किये जायेंगे।

ग्रुप डी तक की परीक्षा में यूपीएससी जैसा मानक स्थापित कर हर भर्ती को बराबर महत्व दिया जायेगा। पहली नौकरी पक्की होगी। प्रत्येक डिप्लोमा होल्डर या कॉलेज ग्रेजुएट को पब्लिक या प्राइवेट सेक्टर की कंपनी में एक साल के अप्रेंटिसशिप (प्रशिक्षण) देने के लिए एक नए प्रशिक्षुता अधिकार अधिनियम की गारंटी दी जाएगी, प्रशिक्षुओं को 1 लाख रुपए (8500 प्रतिमाह) मिलेंगे।

माहरा ने कहा कि अब तक 70 से अधिक भर्ती घोटाले हो चुके हैं, कानून बनाने मात्र से घोटाले नही रूक रहे, यूपी की कल्याण सिंह सरकार में भी नकल विरोधी कानून बना था, जो कारगर नही हुआ। कांग्रेस सरकार बनने के बाद पेपर लीक से मुक्ति दिलाने का वादा करती है, उन्होंन कहा कि कांग्रेस पेपर लीक को रोकने के लिए कानून बनाने की गारंटी देती है।

हम नए कानून लाकर पेपर लीक को पूरी तरह से रोकेंगे, जिससे मौजूदा समय में करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। कांग्रेस यूपीएससी की तर्ज पर व्यवस्था को पारदर्शी और पेपर लीक रहित बनाएगी। वहीं, कांग्रेस गिग इकॉनमी में हर साल रोजगार ढूंढने वाले लाखों युवाओं के लिए बेहतर वर्किंग कंडिशन (कामकाजी स्थिति) और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कानून लाने की गारंटी देती है।

माहरा ने कहा कि असंगठित क्षेत्र में काम करने वालों जैसे वाहन चालक, प्राईवेट संस्थानों में नौकरी करने वाले अखबार के होकर जैसे सुगी, जोमोटा, ओला उबर,  रेपिडो अन्य कर्मचारी जैसे फूड सप्लाई चौन में काम करने वाले व अन्य असुरक्षित क्षेत्रों में काम करने वालों को स्वास्थ्य बीमा, व रिटार्यमेंट के बाद सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए व्यवस्था की जायेगी व निराश्रित वृद्वाजनों को भी सामाजिक सुरक्षा के लाभ दिये जायेंगे।

5000 करोड़ का कॉरपस फण्ड बनेगा। पांच साल की अवधि के लिए देश के सभी जिलों में आवंटन की सुविधा के साथ कांग्रेस 5,000 करोड़ रुपये का एक कोष बनाएगी। 40 साल से कम उम्र के युवा किसी भी क्षेत्र में अपने बिजनेस के लिए स्टार्ट-अप फंडिंग का लाभ उठा सकते हैं। कहा कि पीएम मोदी की गारंटी में कर्मचारियों, बेरोजगारों, किसानों, गरीबों-शोषितों को कोई स्थान नही दिया गया और न ही महंगाई कम करने, बैंकों का पैसा लेकर भागे हुए लोगों को वापस लाने की गारंटी मोदी जी ले रहें हैं। इस मौके पर मथुरा दत्त जोशी, शीशपाल सिंह बिष्ट, अमरजीत सिंह, नवीन जोशी, विकास नेगी व महेंद्र सिंह नेगी गुरू जी आदि मौजूद रहे।

करन माहरा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 साल के अन्याय-काल को भयंकर बेरोजगारी संकट से समझा जा सकता है। इस अन्याय-काल ने लाखों शिक्षित और महत्वाकांक्षी युवाओं को अपना आर्थिक भविष्य बेहतर बनाने या राष्ट्र निर्माण में योगदान देने से वंचित कर दिया है। हम युवाओं के लिए ऐसे कदम उठाएंगे जिससे कि हर युवा अपना भविष्य सुरक्षित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए सक्षम होगा। हमारा मकसद भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है, आज नौकरियां समाप्त हो रहीं हैं, जिस कारण 50 प्रतिशत से अधिक लोग डिप्रेशन का शिकार हैं।

देश भर में कांग्रेस से मोह भंग होने के सवाल पर माहरा ने कहा कि देश को कांग्रेस मुक्त कहने वाली भाजपा आज कांग्रेस युक्त हो गई। भाजपा में आज बहुत घबराहट है। राज्य सरकार में आज भी नौ में से पांच मंत्री कांग्रेस बैकग्राउंड के हैं। भाजपा अगर 400 पार करने वाली है तो दूसरे दलों के लोगों को क्यों ले रही है। अगर कोई बताकर जाए तो उसे समझाया जा सकता है।

अगर रातोंरात कोई ऐसा कर रहा है तो क्या कर सकते हैं। ये 1977 जैसा दौर है। सफाई का समय चल रहा है। मनीष खंडूडी के पार्टी छोड़ने पर माहरा ने कहा कि उन्हें सम्मान देने में कांग्रेस ने कोई कमी नहीं की। पिता भाजपा से पूर्व सीएम, बहन विधायक व विधानसभा अध्यक्ष हो, इसके बावजूद कांग्रेस ने उन्हें पूरा सम्मान दिया है। मुझे दुख है, उन्हें थोड़ा सब्र रखना चाहिए।

महिला कांग्रेस प्रदेश के सभी 13 जिलों में चलाएगी नारी न्याय यात्रा
धार्मिक निर्माण तोड़ने से पूर्व थी अतिरिक्त एहतियात बरतने की जरूरत : करन माहरा
भाजपा संगठन महामंत्री पर लगे आरोपों की हो उच्च स्तरीय न्यायिक जांच : महारा