आपसी मतभेद भुलाकर ही मिलेगी जीत : वेणुगोपाल

Victory can be achieved only by setting aside mutual differences

देहरादून। Victory can be achieved only by setting aside mutual differences अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह दौरा प्रदेश में कांग्रेस की जीत की मजबूत नींव साबित होगा।

गुरुवार को देहरादून पहुंचने पर राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने केसी वेणुगोपाल का पारंपरिक वाद्य यंत्रों, पुष्पगुच्छ एवं जोरदार नारों के साथ स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने एक होटल में जिला एवं महानगर अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठक कर संगठन की स्थिति, राजनीतिक समीकरणों तथा संगठन विस्तार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

दौरे के दौरान वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस की नवगठित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालात, आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने जैसे विषयों पर व्यापक मंथन किया गया। बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने पर विचार-विमर्श हुआ।

राष्ट्रीय महासचिव ने पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों एवं आनुषंगिक संगठनों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ भी समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए संगठन के सभी घटकों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर कार्य करना होगा।

उन्होंने युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल सहित सभी संगठनों को जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने तथा बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के निर्देश दिए। साथ ही युवाओं, महिलाओं और नए कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में कांग्रेस से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि केसी वेणुगोपाल का यह दौरा प्रदेश संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उनके मार्गदर्शन में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे और 2027 में परिवर्तन का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे।

बैठकों में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, गोविंद सिंह कुंजवाल, काजी निजामुद्दीन, प्रदीप टम्टा, करण माहरा, तिलक राज बेहड़, मदन बिष्ट, विक्रम नेगी, हरीश धामी, लखपत बुटोला, आदेश चौहान, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिला एवं महानगर अध्यक्ष तथा पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों और फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी प्रकरण : लखपत बुटोला हुए भावुक, कहा पूरे देश में सनातन बदनाम हो रहा
कांग्रेस से तीन नेता छह साल के लिए निष्कासित
कांग्रेस ने जिला-महानगर कार्यकारिणियां की घोषित