सीएम के दौरे का कांग्रेसियों ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

Congress
सीएम के दौरे का काली पट्टी बांधकर विरोध करते कांग्रेसी।
खटीमा। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के दौरे का काली पट्टी बांध कर विरोध जताया। विरोध करने जा रहे तकरीबन सौ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार करके झनकइया थाने में रखा है।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कापड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री सौ बैड के उस अस्पताल का उद्घाटन करने आ रहे हैं, जिसका पहले से ही उद्घाटन हो चुका है। कहा कि सरकार ने सितारगंज चीनी मिल को बंद करके किसानों के सामने समस्या खड़ी कर दी है। कहा कि क्षेत्र की सड़कें जर्जर हालत में हैं, लेकिन प्रदेश सरकार सीमांत के इस क्षेत्र की उपेक्षा कर रही है। कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जमीनों को कब्जा रहे हैं, लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
प्रदेश प्रवक्ता दया किशन कलोनी ने कहा मुख्यमंत्री पहले भी सीमांत खटीमा आए, लेकिन कांग्रेस ने विरोध नहीं किया। चूंकि सरकार खटीमा की अनदेखी कर रही है इसलिए कांग्रेसियों ने मजबूरन काली पट्टी बांध कर विरोध जताने का निर्णय लिया। कांग्रेसी जब जुलूस के रूप में कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना होने लगे तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तकरीबन सौ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार करके झनकइया थाने में बिठाया है। हालांकि उस समय तक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत खटीमा नहीं पहुंचे थे।