भाजपा प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर परचम लहराएगी

State Incharge Shyam Jaju
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू।
State Incharge Shyam Jaju

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ( State Incharge Shyam Jaju ) ने दावा किया है कि इस बार भी भाजपा उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर परचम लहराएगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ जनता को बरगलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में राष्ट्रवाद का मुद्दा अहम रहेगा।

बलवीर रोड स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में जिन राज्यों में भाजपा ने सभी सीटें जीती थी, उनमें उत्तराखंड भी आता है। जिसका मत प्रतिशत गुजरात से भी ज्यादा था। कहा कि प्रदेश में सभी सीटों पर इस बार भी भाजपा ही विजयी होगी और देश में मोदी सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव की अपेक्षा इस बार ज्यादा मत हासिल करना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि इस बार के मुख्य चुनावी मुद्दे केंद्रीय योजनाओं से मिलने वाले लाभ होंगे। राज्य सरकार ने भी अच्छा कार्य किया है, इसका भी भाजपा को लाभ मिलेगा।

जनता का कांग्रेस से भरोसा उठ चुका

राष्ट्रवाद का मुद्दा इस चुनाव में मुख्य मुद्दा रहेगा। इस दौरान श्याम जाजू ने कांग्रेस को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कांग्रेस ने तीन राज्यों में पहले जो घोषणा की थी, उस पर वो आज तक खरी नहीं उतर पाई है। कांग्रेस सिर्फ बोल ही सकती है, कर कुछ नहीं सकती। यही वजह है कि जनता का कांग्रेस से भरोसा उठ चुका है।

कांग्रेस सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर सैनिकों का मनोबल तोड़ने का काम कर रही है। कांग्रेस सैनिकों का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले पर राजनीति न करें। 55 वर्षों तक राज करने वाली कांग्रेस ने जनता से जो वायदे किए कभी पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को अच्छी तरह से समझ चुकी है, वह बातों में बरगलाने वालों के झांसे में नहीं आएगी।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत, विधायक विनोद चमोली, खजान दास, प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह बिष्ट, विनय रोहेला, मीडिया प्रमुख डा. देवेंद्र भसीन, शादाब शम्स, बलजीत सोनी, राजीव उनियाल आदि उपस्थित रहे।

जरा इसे भी पढ़ें