Home Front Page ओवैसी-चंद्रशेखर ने यूपी में किया शक्ति प्रदर्शन

ओवैसी-चंद्रशेखर ने यूपी में किया शक्ति प्रदर्शन

Owaisi and Chandrashekhar stage a show of strength

लखनऊ। Owaisi and Chandrashekhar stage a show of strength उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट करने की रणनीति के तहत सामाजिक परिवर्तन मोर्चे ने संविधान दिवस पर राजधानी लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन किया। रमाबाई आंबेडकर मैदान में आयोजित महारैली में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पहली बार गठबंधन के बाद एक साथ बड़े मंच पर नजर आए। दोनों नेताओं ने भाजपा के साथ समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया और दलित, मुस्लिम तथा अति पिछड़े वर्गों से राजनीतिक बदलाव के लिए एकजुट होने की अपील की।

महारैली में पुलिस मुठभेड़ों, मस्जिदों और मदरसों पर बुलडोजर कार्रवाई, मुस्लिमों की राजनीतिक हिस्सेदारी और दलित महापुरुषों के सम्मान जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। मोर्चे ने सत्ता में भागीदारी का राजनीतिक फार्मूला भी सामने रखा। इसके तहत दलित समाज के चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री तथा मुस्लिम और अति पिछड़े समाज के नेताओं को उपमुख्यमंत्री बनाने की बात कही गई।

सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा ने मुस्लिम समाज का वोट तो लिया, लेकिन उसे राजनीतिक हिस्सेदारी देने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि मुसलमानों ने सपा को सत्ता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में उन्हें पीछे रखा गया।
ओवैसी ने अखिलेश यादव को करहल विधानसभा सीट से मुस्लिम प्रत्याशी उतारने की चुनौती भी दी।

ओवैसी ने उत्तर प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ों और नेपाल सीमा से सटे जिलों में करीब 350 मदरसों एवं मस्जिदों को तोड़े जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब वह मुस्लिम समाज के साथ हो रहे अन्याय और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाते हैं तो उन्हें भड़काने वाला कहा जाता है। ओवैसी ने कहा कि अगर इंसाफ की मांग करना भड़काना है तो वह ऐसा करते रहेंगे। न्याय मिलने तक न खुद चौन से बैठेंगे और न दूसरों को बैठने देंगे।

उन्होंने प्रदेश में मुस्लिम समाज की शैक्षणिक स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुस्लिम आबादी के केवल चार प्रतिशत लोग स्नातक हैं। उन्होंने इस स्थिति के लिए सपा और कांग्रेस की राजनीति पर भी सवाल उठाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर नफरत की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए ओवैसी ने खुद और चंद्रशेखर पर हुए हमलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमलों और दबाव के बावजूद दोनों नेता अपने संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।

आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने भी भाजपा और सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की सरकार बनने पर न्याय बुलडोजर से नहीं, बल्कि संविधान और कानून के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं को हर महीने 25 हजार रुपये देने का ऐलान करते हुए दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की।

चंद्रशेखर ने दलित महापुरुषों की प्रतिमाएं तोड़े जाने, हाथरस कांड के पीड़ित परिवार से किए गए वादों को पूरा नहीं करने और पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के कामकाज को प्रभावित करने जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने सपा पर भाजपा का विरोध करने के बावजूद ऐसे लोगों को राज्यसभा भेजने का आरोप लगाया, जिनके पिता भाजपा से राज्यसभा सदस्य रहे हैं।

ओवैसी-चंद्रशेखर की सियासी जुगलबंदी से क्या ‘खिलेंगे गुल’
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलाया हाथ
बंगाली भाषी मुसलमानों को बंदूक की नोक पर बांग्लादेश भेजा जा रहा है : असदुद्दीन ओवैसी