Home Uncategorized देश फोर जी की ओर पिथौरागढ़ में टूजी का भी हाल बेहाल

देश फोर जी की ओर पिथौरागढ़ में टूजी का भी हाल बेहाल

पिथौरागढ़ । देश के अधिकांश क्षेत्रों में इंटरनेट की पफोर जी सेवाएं शुरू हो गई हैं, लेकिन दो-दो अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे सीमांत जिले में टू जी सेवाओं का भी हाल बेहाल है। आए दिन सेवाओं में व्यवधान से आम उपभोक्ता तो परेशान हैं ही इंटरनेट पर टिके बैंकों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सीमांत जिले में सरकारी कंपनी बीएसएनएल के साथ ही तमाम निजी कंपनियां भी संचार सुविधाएं दे रही हैं, हालांकि अभी जिले का बड़ा क्षेत्र संचार सुविधाओं से वंचित हैं। जिन क्षेत्रों में संचार सुविधाएं मिल रही हैं उनमें भी सेवाओं का हाल बेहाल है। संचार क्रांति के बाद तमाम लोगों ने इससे जुडे़ व्यवसाय शुरू किए हैं।

बैंकों से लोन लेकर अपना कारोबार कर रहे लोग लचर सेवाओं से परेशान हैं। दिन में कई-कई घंटों तक इंटरनेट सेवाएं ठप हो जा रही हैं। इससे कारोबारी तो सिर पर हाथ रखकर बैठे ही हैं। बैंकों को भी खासी मुसीबत झेलनी पड़ रही हैं। बैंक ग्राहकों को छोटे-छोटे लेन-देन के लिए भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जिले में बीएसएनएल सहित तमाम निजी आपरेटरों के समक्ष शिकायत का कोई असर इन पर नहीं पड़ रहा है। कोई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि लचर सेवाओं के चलते उनका नेट डाटा बेकार चला जा रहा है। इससे कंपनियों की तो मोटी कमाई हो रही है लेकिन उन्हें खासा नुकसान झेलना पड़ रहा है।