Home Uttarakhand Dehradun अंकिता भंडारी के माता-पिता ने थाने में दी तहरीर

अंकिता भंडारी के माता-पिता ने थाने में दी तहरीर

Ankita Bhandari parents submitted a written complaint

देहरादून। Ankita Bhandari parents submitted a written complaint उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। दिवंगत अंकिता भंडारी के माता-पिता ने अपनी बेटी की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि निजी बातचीत को सार्वजनिक कर उसे तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, जिससे उनकी दिवंगत बेटी की छवि और गरिमा को ठेस पहुंची है।

दरअसल, 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में विनोद आर्य ने अपने अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने अंकिता भंडारी और उसके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई बताई जा रही व्हाट्सऐप बातचीत के करीब 4,084 पन्नों की सामग्री मीडिया के सामने रखी थी। विनोद आर्य ने दावा किया था कि इस बातचीत से मामले के कई पहलुओं पर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने अंकिता के साथ कथित रूप से प्रताड़ना किए जाने का आरोप उसके परिजनों और मित्र पर लगाया था। साथ ही उन्होंने हत्याकांड में किसी वीआईपी की संलिप्तता से इनकार करते हुए सीबीआई से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए गए ये दावे विनोद आर्य के अपने आरोप और दावे हैं, इन्हें स्थापित तथ्य नहीं माना जा सकता।

रविवार देर शाम राजपुर थाने पहुंचीं अंकिता की मां सोनी देवी ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जिस बेटी को न्याय मिलना चाहिए, उसकी निजी चौट सार्वजनिक कर उसके माता-पिता को ही कटघरे में खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी के पास मामले से संबंधित कोई महत्वपूर्ण जानकारी या सबूत है तो उसे अदालत के सामने प्रस्तुत किया जाना चाहिए, न कि प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर दिवंगत बेटी की निजी जिंदगी और चरित्र पर सवाल उठाए जाने चाहिए।

अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने भी बेटी की निजी बातचीत सार्वजनिक किए जाने पर आपत्ति जताई और पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की। वकील का बार लाइसेंस रद्द करने की मांग

इस दौरान समाजसेवी योगिता भयाना ने भी मामले में नाराजगी जताई। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल अधिवक्ता के खिलाफ कार्रवाई करने और उनका बार लाइसेंस रद्द करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि किसी दिवंगत पीड़िता की निजी बातचीत को सार्वजनिक मंच पर प्रस्तुत करना गंभीर मामला है और इसकी जांच होनी चाहिए।

अंकिता भंडारी पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीकोट डोभ गांव की रहने वाली थीं। वह ऋषिकेश के निकट यमकेश्वर क्षेत्र के गंगा भोगपुर स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्यरत थीं। सितंबर 2022 में उनकी हत्या ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया था। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को दोषी ठहराया गया और अदालत ने तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य पूर्व भाजपा नेता हैं। हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अपने बेटे के मामले को लेकर कई सवाल उठाए थे। अब अंकिता के माता-पिता की शिकायत के बाद यह विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

फिलहाल अंकिता के माता-पिता ने राजपुर थाने में लिखित तहरीर देकर विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक करने और उसे कथित रूप से तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया गया है। अब इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

अंकिता भंडारी हत्याकांडः पुलकित आर्य के पिता का दावा, अंकिता की हत्या नही हुई
अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रकरण में कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन
राहुल गांधी से मिले अंकिता भंडारी के माता-पिता