हेमवती नन्दन बहुगुणा व्यक्ति नहीं बल्कि विचारधारा थे : गोदियाल

Hemvati Nandan Bahuguna was an ideology

देहरादून। Hemvati Nandan Bahuguna was an ideology पूर्व केन्द्रीय मंत्री व अविभाजित उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नन्दन बहुगुणा की जयन्ती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में स्व. हेमवती नन्दन बहुगुणा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि गढ़वाल के एक छोटे से गांव बुघाणी में सामान्य परिवार में जन्मे हेमवती नन्दन बहुगुणा ने जिस प्रकार से गढ़वाल से इलाहाबाद तक की शैक्षणिक यात्रा, छात्र राजनीति, स्वतंत्रता संग्राम और फिर देश की आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के विधायक से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, भारत सरकार के संचार मंत्री से लेकर वित्त मंत्री और लम्बे समय तक विपक्ष के नेता के रूप में देश को नेतृत्व दिया और जीवनभर जिस विचारधारा पर चले कभी उन पर समझौता नहीं किया।

गोदियाल ने कहा कि हेमवती नन्दन बहुगुणा व्यक्ति नहीं बल्कि विचारधारा थे। उन्होंने हमेशा कहा कि ‘हिमालय टूट सकता है पर झुक नहीं सकता’। बहुगुणा जी के ऊपर अंग्रेज सरकार ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दस हजार जिन्दा या मुर्दा इनाम रखा था और जब वे गिरफ्तार हुए तो माफी मांगने की शर्त पर अंग्रेज सरकार ने उनको छोडने की पेशकश उनके पिता के माध्यम से की थी किन्तु बहुगुणा जी ने माफी मांगने से साफ मना कर दिया था।

उन्होंने कहा कि आज जरूरत है सरकार बहुगुणा जी के आदर्शाे से सीख ले, लेकिन दुर्भाग्यवश सत्ता में बैठे लोग जनसेवा के बजाय केवल प्रचार और दिखावे की राजनीति मे लगे हुए है। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी, प्रवक्ता अभिनव थापर, शीशपाल सिंह बिष्ट, अमेन्द्र सिंह बिष्ट, अभिषेक तिवाडी, सुशीला शर्मा, राजकुमार जयसवाल, अश्विनी बहुगुणा, यशपाल चौहान, अजय रावत व नितिन बिष्ट आादि कांग्रेसजन उपस्थित थे।

अपराधों से दहला उत्तराखंड, सरकार बेबस : कांग्रेस
सरकार की आंखें व कान बंद और मुंह खुला हुआ हैः गोदियाल