23 मई से गूंजेगा ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का बिगुल

Niti Extreme Ultra Run

देहरादून। Niti Extreme Ultra Run उत्तराखंड की राजधानी देहरादून 23 मई को साहस, रोमांच और ऊर्जा के ऐतिहासिक उत्सव का साक्षी बनने जा रही है। उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन सप्ताह’ का काउंटडाउन रन मुख्यमंत्री आवास से शुरू होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस ऐतिहासिक दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। दौड़ मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर घंटा घर होते हुए उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद कार्यालय तक पहुंचेगी। करीब 10 किलोमीटर लंबी इस दौड़ में 300 से अधिक धावक हिस्सा लेंगे।

यह काउंटडाउन रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड को वैश्विक एडवेंचर स्पोर्ट्स मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। 31 मई को चमोली की नीति घाटी में होने वाली 75 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन से पहले यह आयोजन पूरे प्रदेश में उत्साह और रोमांच का माहौल तैयार करेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की और से विशेष फ्लेम्बो मशाल का प्रज्ज्वलन भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह मशाल हिमालय की ऊंचाइयों तक पहुंचने वाले साहस, संकल्प और जुनून का प्रतीक होगी। इसी अवसर पर नीति घाटी में होने वाली अल्ट्रा मैराथन के आधिकारिक शुभंकर (मैस्कॉट) का भी अनावरण किया जाएगा, जो उत्तराखंड की वीरता और हिमालयी संस्कृति को दर्शाएगा।

नीति घाटी में 31 मई को आयोजित होने वाली ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ राज्य की पहली हाई-एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन होगी। लगभग 15,500 फीट की ऊंचाई पर आयोजित होने वाली इस चुनौतीपूर्ण दौड़ को विश्व की शीर्ष हाई-एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

भारत-तिब्बत सीमा पर स्थित नीति गांव को प्रधानमंत्री मोदी की ‘वाइब्रेंट विलेज योजना’ के तहत विकसित किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं, महिलाओं तथा ग्रामीण उद्यमियों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।