Home bollywood रणवीर सिंह की भंसाली के साथ आखिरी फिल्म

रणवीर सिंह की भंसाली के साथ आखिरी फिल्म

ranbeer and sanjay

मुंबई । संजय लीला भंसाली की फिल्म पार्वती को लेकर एक और धमाकेदार खबर के संकेत मिले हैं। संकेत इस बात को लेकर मिले हैं कि इस फिल्म के बाद रणवीर सिंह उनके साथ काम नहीं करेंगे। सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार, रणवीर इस फिल्म को लेकर हो रहे विवाद से खिन्न हैं और उन्होंने फिल्म की टीम को साफ संदेश दे दिया है कि पहले से दी गई तारीखों पर अगर शूटिंग पूरी नहीं हुई, तो वे इसके लिए आगे वक्त नहीं देंगे। रणवीर सिंह इस फिल्म में अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभा रहे हैं, जो रानी प्रावती की सुंदरता पर मुग्ध होकर उनकी रियासत पर हमला कर देता है और उनके पति राजा रतन सिंह को मार डालता है।

इस फिल्म से पहले रणवीर सिंह ने संजय लीला भंसाली के साथ पहले राम लीला और फिर बाजीराव मस्तानी में काम किया। इन दोनों फिल्मों और पार्वती में दीपिका पादुकोण उनकी हीरोइन रहीं। रामलीला और बाजीराव मस्तानी, दोनों में न सिर्फ रणवीर सिंह को सराहना मिली, बल्कि दोनों के लिए उनको पुरस्कार भी मिले। कोई नहीं भूल सकता कि बाजीराव मस्तानी का बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला शाहरुख खान की दिलवाले से हुआ था, जिसमें बाजीराव मस्तानी को जीत मिली थी और दिलवाले बुरी तरह से पिट गई थी। भंसाली प्रोडक्शन की टीम से जुड़े सूत्रों ने रणवीर सिंह के अल्टीमेटम की खबरों को हैरान करने वाला बताया है और कहा है कि फिल्म संकट में फंसी है और हम उम्मीद करते हैं कि पूरी टीम साथ काम करेगी।

ये भी कहा जा रहा है कि रणवीर दरअसल पिछले साल आदित्य चोपड़ा की फिल्म बेफिक्रे के बॉक्स ऑफिस नतीजे से अब तक सदमे में है। इस फिल्म के फ्लॉप होने से उनकी मार्केट वैल्यू पर बुरा असर पड़ा है और रणवीर इस बात से परेशान है कि पार्वती के चक्कर में वे नई फिल्मों के प्रोजेक्ट पर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। भंसाली की टीम का दावा है कि पार्वती का किरदार निभा रही दीपिका पादुकोण और उनके पति रतन सिह का किरदार निभा रहे शाहिद कपूर ने भरोसा दिया है कि वे पूरी तरह से सहयोग करने को तैयार हैं और उम्मीद है कि रणवीर सिंह भी ऐसा ही करेंगे।