Home national विपक्ष सकारात्मक सुझाव दे, सरकार मानेगीः अनंत कुमार

विपक्ष सकारात्मक सुझाव दे, सरकार मानेगीः अनंत कुमार

नई दिल्ली । संसद के शीतकालीन सत्र के छठे दिन भी नोटबंदी के मुद्दे पर दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा जारी रहा। विपक्ष स्थगन प्रस्ताव के जरिए लोकसभा में बहस की मांग पर अड़ा हुआ है। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने बुधवार को लोकसभा में कहा कि विपक्ष के कारण कार्यवाही नहीं चल पा रही है, अगर वह चाहे तो हम एक-दो या फिर तीन दिन तक चर्चा के लिए तैयार हैं। अगर विपक्ष कोई सकारात्मक सुझाव देता है तो उसे मानने को सरकार तैयार है। अनंत कुमार ने नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंदोपाध्याय समेत अन्य नेताओं का जिक्र करते हुए कहा, सरकार चर्चा के लिए तैयार है।

उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से आग्रह किया कि विपक्ष चाहे तो एक दिन, दो दिन अथवा तीन दिन की चर्चा हो सकती है। सरकार हर तरह से तैयार है। अगर विपक्ष की ओर से कोई रचनात्मक सुझाव आया तो सरकार न केवल उसपर विचार करेगी, बल्कि उसको स्वीकार भी करेगी। वहीं, केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा, सच तो यह है कि विपक्ष बहस में शामिल ही नहीं होना चाहता। प्रधानमंत्री लोकसभा में थे लेकिन विपक्ष बहस के लिए सदन में तैयार ही नहीं था। उन्होंने कहा कि बहस से भागना और हंगामा करना विपक्ष की पिफतरत बन चुकी है।