कन्नूर हत्याकांड की हो सीबीआई जांचः भाजपा

नई दिल्ली। केरल के कन्नूर में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के बाद राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने इस घटना के लिए केरल की माकपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।
भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने बुधवार को कहा कि केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के विधानसभा क्षेत्र में हुई इस घटना के पीछे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) कार्यकर्ताओं का हाथ है और राज्य सरकार दोषियों को बचा रही है। राव ने इस मामले में मुख्यमंत्री विजयन से रुख स्पष्ट करने को कहा।
राव ने कहा कि केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमलें की घटनाएँ तेजी से बढ़ रही हैं। इसमें सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ता शामिल हैं। उन्होंने केरल में हो रही ऐसी घटनाओं को राजनैतिक आतंकवाद करार दिया। भाजपा प्रवक्ता ने केरल पुलिस पर अविश्वास जाहिर करते हुए कहा कि इस घटना की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने के बाद ही सच्चाई का पता लगेगा।
राव ने राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ बढ़ रही हिंसा की घटनाओं के लिए विजयन सरकार को जिम्मेदार ठहराया। गौरतलब है कि केरल के कन्नूर जिले में बुधवार को भाजपा के एक कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रेमित के रूप में हुई है। उसकी पिनाराई गांव में एक पेट्रोल पंप के सामने सुबह करीब 10 बजे हत्या कर दी गई। यह घटना सोमवार को माकपा नेता के. मोहनन की हत्या के बाद हुई है। दोनों हत्याएं मुख्यमंत्री विजयन के विधानसभा क्षेत्र धर्माडम में हुईं।