अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर पतंजलि योग समिति में दो फाड़

International Yoga Day
International Yoga Day

रुड़की। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस ( International Yoga Day ) मनाये जाने को लेकर पतंजलि योग समिति दो गुटो में बंटी नजर आ रही है। समिति की ओर से नगर में दो स्थानों पर अलग-अलग योग कार्यक्रम आयोजित किये जाने को लेकर नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में इस गौरवमयी दिन को मनाने के लिये जहां सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है|

वही वेदांतम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपाईयों को ही तरजीह दी गयी है। यहां भीड़ जुटाने के लिये संघ की सक्रिय भूमिका में नजर आ रहा है। भारत स्वाभिमान न्यास एवं पतंजलि योग समिति की ओर से 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया जाता रहा है। समिति वर्ष 2015 से ही नगर के मध्य स्थित नेहरू स्टेडियम में बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। जिसमें नगर के हजारो लोग भाग लेकर योग करते हैं। लेकिन इस वर्ष समिति द्वारा नगर में 2 अलग-अलग स्थानों पर एक ही समय योग कार्यक्रम रखे गये हैं।

कार्यक्रम में केवल संघ और भाजपा से जुड़े लोगो को ही अतिथि बनाया गया

एक नेहरू स्टेडियम तो दूसरा आर.एस.एस. के पूर्व नगर प्रचारक का बारात घर वेदांतम। दोनो कार्यक्रमों के आयोजक कुछ भी कहे लेकिन पतंजलि योग समिति 2 गुटो में बंटी हुई साफ नजर आ रही है। एक गुट जिस समय स्थानीय होटल में पत्रकार वार्ता करता है ठीक उसी समय दूसरा गुट नगर निगम सभागार में बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा को अन्तिम रूप देता है। वेदांतम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जहां केवल संघ और भाजपा से जुड़े लोगो को ही अतिथि बनाया गया है एवं संघ के साथ ही सेवा भारती, संस्कार भारती आदि संघ के अन्य संगठन इसके लिये दिन रात भीड़ जुटाने के प्रयास में लगे हैं।

वहीं नेहरू स्टेडियम में राजनीति से उपर उठकर प्रशासनिक अधिकारियों व सभी दलों के प्रतिनिधियों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। जिस दिन को पूरा देश राजनीति से उपर उठकर गर्व के साथ राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाता है उसमें भी अपनी राजनीति महत्वकांक्षाएं पूरी करने के प्रयासों को लेकर नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

जरा इसे भी पढ़ें :