सहारनपुर में एनकाउंटर , बदमाश ढेर

Encounter

सहारनपुर। तीन दिन पहले पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए 12 हजार के इनामी बदमाश शमशाद को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। सहारनपुर शहर के बीचोंबीच हुए एनकाउंटर में करीब आधे घंटे तक शमशाद और उसका साथी पुलिस को दौड़ाते रहे। इस दौरान हुई कुल 19 राउंड फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि गोली लगने से घायल शमशाद ने हॉस्पिटल ले जाते हुए दम तोड़ दिया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

आधी रात को हुई मुठभेड़

सहारनपुर पुलिस और शमशाद के बीच आधी रात को मुठभेड़ हुई। एसएसपी बबलू कुमार के मुताबिक देर रात शमशाद की लोकेशन नानोता थाना क्षेत्र में मिली। पुलिस टीम ने अपने साथी के साथ बाइक पर जा रहे शमशाद को रोकने की कोशिश की तो इसने पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दिया और रामपुर मनिहारान की ओर बाइक दौड़ा दी। रामपुर मनिहारान पुलिस ने इसका पीछा किया तो यह सहारनपुर सिटी की ओर दौड़ पड़ा। इसी दौरान पुलिस ने हसनपुर चौक पर घेराबंदी कर ली और अपने साथी के साथ बाइक पर आ रहे शमशाद को घेरने का प्रयास किया, लेकिन यहां से शमशाद ने सर्किट हाउस रोड की ओर अपनी बाइक दौड़ा दी और खलासी लाइन एरिया में घुस गया।

यहां रेलवे स्टेशन की ओर से स्वाट टीम और पीछे से आ रही सदर बाजार पुलिस की टीम ने इसे दोनों ओर से घेर लिया। खुद को घिरता देख एक बार फिर से शमशाद ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। यहां जवाबी फायरिंग में गोली लगने से शमशाद नीचे गिर गया और इसका साथी मौके से फरार हो गया। इस दौरान करीब 19 राउंड फायर हुए और दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घायल दोनों पुलिसकर्मियों जिनमें एक ड्राइवर और दरोगा समेत शमशाद को आनन-फानन में हॉस्पिटल भिजवाया गया। पर सने बीच रास्ते ही शमशाद ने दम तोड़ दिया।

तीन दिन पहले फरार हुआ था कस्टडी से, तभी से मौत कर रही थी पीछा

शमशाद देवबंद जेल में बंद था और तीन दिन पहले देहरादून न्यायालय में पेशी से वापस लौट रहा था। इसी दौरान गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में बाइक पर सवार होकर आए दो युवक इसे पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर अपने साथ ले गए थे। फरार होने के बाद से ही शमशाद लगातार गागलहेड़ी देवबंद और ननौता क्षेत्र में सक्रिय था। 2 दिन पहले इसने देवबंद के एक चिकित्सक से रंगदारी की मांग की थी और एक दिन पहले गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में जब पुलिस ने इसे रोकने की कोशिश की तो इसने पुलिस पार्टी पर सीधा फायर झोंक दिया था। सहारनपुर पुलिस फरार होने के बाद से ही इसकी लोकेशन को ट्रेस कर रही थी और रविवार देर रात जब ननौता थाना क्षेत्र में इसकी लोकेशन मिली तो पुलिस ने इसकी घेराबंदी कर ली और शहर के बीचोंबीच हुई इस मुठभेड़ में शमशाद मारा गया।
पुलिस के मुताबिक शमशाद पर 37 से अधिक मुकदमे दर्ज है।