कैबिनेट मंत्री महाराज की तबीयत बिगड़ी, एम्स ऋषिकेश में भर्ती

Cabinet Minister Satpal Maharaj Health Deteriorates

देहरादून। Cabinet Minister Satpal Maharaj Health Deteriorates उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

मंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें खांसी की शिकायत के साथ-साथ सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी, प्रारंभिक जांच में उन्हें निमोनिया होने का भी अंदेशा जताया गया है, जिसे ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती करने का निर्णय लिया।

अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में उनकी हालत सामान्य बनी हुई है, लेकिन चिकित्सकों ने पूरी तरह स्वस्थ होने तक उन्हें कुछ दिन अस्पताल में ही रखने की सलाह दी है।

इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचे और उन्होंने सतपाल महाराज का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी लेते हुए अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

डॉक्टरों का कहना है कि मंत्री के सभी आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए जा रहे हैं और नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित जटिलता से बचा जा सके। उधर, मंत्री की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चिंता का माहौल है। उनके समर्थक और शुभचिंतक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

गौरतलब है कि सतपाल महाराज प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और वर्तमान सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य को लेकर सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

महाराज के किया निर्माणाधीन सतपुली झील का निरीक्षण
महाराज ने किया उत्तरैणी-मकरैणी कौथिग महोत्सव का शुभारंभ
महाराज ने आप की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का किया आह्वान