बिहार में ठंड का कहर, इतने लोग मरे

पटना । पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से बिहार में ठंड अब कहर बरपाने लगी है। राजधानी पटना में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब छह और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट के दर्ज की गई। आधिकारिक जानकारी के अनुसार राज्यभर में ठंड के कारण 16 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में पड़ रही कड़ाके की ठंड अब जान लेने लगी है। पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न इलाकों में 16 लोगों की मौत हो गई है।
आरा में सबसे अधिक तीन लोगों की मौत हो गई है। ठंड के कारण पटना के पालीगंज के खिरिमोड़ थाना क्षेत्र के बहेरिया निरखपुर निवासी मोहन यादव की 55 वर्षीया पत्नी रजिया देवी की मौत हो गई। नालंदा के परबलपुर प्रखंड में सोनचरी गांव की 70 वर्षीया नगीना देवी व सत्येंद्र सिंह की मौत हो गई। इधर, आरा में महिला समेत तीन की जान चली गईद्य समस्तीपुर के रोसड़ा में मोतीपुर पंचायत उसरी टोला निवासी योगेंद्र यादव की मौत ठंड से हो गई। गया, औरंगाबाद और नवादा में ठंड ने चार लोगों की जान ले ली। गया के गुरुआ थाना क्षेत्र के नौआखाप में एक चैकीदार लक्ष्मी पासवान (58) की ठंड से मौत हो गई. नवादा के हिसुआ के डुमरी गांव में समाजसेवी अर्जुन सिंह और हिसुआडीह की बड़ी मसजिद के निकट शिवा पंडित की पत्नी (45) की भी मौत हो गई।

औरंगाबाद के मदनपुर प्रखंड के दधपी गांव में रहनेवाली एक महिला की भी से मौत हो गई। ठंड के कारण उत्तर बिहार के नेपाल की सीमा से सटे मधेपुरा में तीन व सुपौल, कटिहार और खगड़िया में एक-एक लोगों की जान चली गई। मौसम केंद्र के अनुसार हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी, पछुआ हवा और बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के कारण मिल रही नमी से बिहार में ठंड बढ़ रही है। अगले 3-4 दिनों तक पूरे बिहार में ठंड की यही स्थिति रहेगी। रविवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रिकार्ड किया गया।