Home crime दिल्ली के इस बड़े अस्पताल में पकड़ा गया फर्जी डाॅक्टर

दिल्ली के इस बड़े अस्पताल में पकड़ा गया फर्जी डाॅक्टर

Doctor

नई दिल्ली। हौजखास थाना पुलिस ने एम्स अस्पताल से एक फर्जी डाॅक्टर को गिरफ्तार किया है। वह खुद को डाॅक्टर बताता था और मरीजों के काम करा देने का झांसा देकर उनसे रुपये ऐंठता था। आरोपी की पहचान वाराणसी की तुलसीदास काॅलोनी उत्तर प्रदेश निवासी रिताज त्रिपाठी के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह आपातकालीन विभाग में वह मरीजों को देखकर उन्हें इंस्ट्रक्शन दे रहा था। तभी एक डाॅक्टर को उस पर शक हुआ। उसने अपने सीनियर को बताया। उससे पूछताछ की गई तो पता चला कि वह लोगों को गुमराह कर मरीजों का इलाज कर रहा है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दक्षिणी दिल्ली के एडिशनल डीसीपी चिनमय बिश्वाल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि आरोपी योग काॅलेज से पढ़ा हुआ है और यहां शकरपुर में रह रहा है। वह इलाज कराने के बदले में उनसे मोटा कमीशन लेता था। उसने माना है कि वह पहले भी एम्स में कई लोगों का इलाज करवाकर उनसे रुपये ऐंठे हैं। यह भी पता चला है कि उसकी अलग-अलग विभाग में कई डाॅक्टरों व मरीजों से जान-पहचान भी है। इस रैकेट में डाॅक्टरों व संस्थान के कर्मचारियों की भी मिलीभगत है। यहां बताते चलें कि पिछले सप्ताह ही सफदरजंग अस्पताल में भी ऐसा ही एक फर्जी डाॅक्टर पकड़ा गया था।