Home national भाजपा से लोगों की उम्मीद खत्म हो रही: उद्धव ठाकरे

भाजपा से लोगों की उम्मीद खत्म हो रही: उद्धव ठाकरे

मुंबई । महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने राज्य में सत्ता के दो वर्ष पूरे होने पर कहा है कि लोगों में भाजपा से उम्मीद खत्म हो रही है। शिवसेना अध्यक्ष ठाकरे ने दावा करते हुए कहा है कि इस संदर्भ में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने लोगों से संवाद साधा और वास्तविकता सामने आई है। वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार को सफल बताया है। गौरतलब है कि दो वर्ष पहले विधानसभा का चुनाव अकेले लड़कर भाजपा ज्यादा सीटें हासिल करके सत्ता की ओर अग्रसर हुई। शिवसेना ने देरी से सत्ता में शामिल होने का निर्णय लिया और भाजपा की सहयोगी बन गई। सरकार में शामिल होने के बाद भी शिवसेना आक्रामक होकर विपक्षी दल का रवैया अपनाए हुए है। अब जब भाजपा ने राज्य में सत्ता के दो वर्ष पूरे कर लिए तो शिवसेना ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि वह लोगों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।
श्री ठाकरे ने विधानसभा चुनाव को लेकर अनेक भविष्यवाणियां करते हुए कहा है कि वे भाजपा के दो वर्ष की कार्यप्रणाली से नाखुश हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि उनकी सरकार ने जनहित के लिए कार्य किया है। हमारा शिवसेना से कोई विरोध नहीं है। हम बडे पार्टनर हैं, इसलिए लोग हमसे जवाब चाहते हैं। सरकार के आगे के कार्यक्रम समय से पूरे कर लिए जाएंगे। भाजपा सरकार क्या कर रही है, इसका भान सभी को है।