शादी के बंधन में बंधे योगेश्वर, हरियाणा के मुख्यमंत्री ने दिया अनोखा तोहफा

नई दिल्ली। ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त कांग्रेसी नेता जयभगवान शर्मा की बेटी शीतल शर्मा के साथ विवाह बंधन में बंध गए हैं। दिल्ली में शादी की सारी रस्में हुईं। शादी में भाजपा, कांग्रेस और आप के नेताओं समेत कई खिलाड़ी भी शामिल हुए और नये-नवेले जोड़े को आने वाली जिंदगी के लिए शुभकामनाएं और आशीष दिया। शादी में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने योगेश्वर दत्त को एक अनोखा तोहफा दिया। मुख्यमंत्री ने उनकी शादी में उनके गांव के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री के इस तोहफे की रकम से गांव के विकास के लिए काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि योगेश्वर ने पूरी दुनिया में गांव का नाम रौशन किया है। इसलिए आज के वक्त मैं योगेश्वर के गांव की सभी मांगों को पूरा करने का वादा करता हूं। गांव में पीने का पानी, खेत के लिए नहरी पानी, पक्की सड़कें जैसी तमाम जरूरत की चीजों पर काम किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने 10 करोड़ के बजट का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने गांव में राजकीय काॅलेज भी खोले जाने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर 20 किलोमीटर पर एक राजकीय काॅलेज खोला जाएगा।