वोडाफोन इंडिया को खरीद सकती है आइडिया सेलुलर

नई दिल्ली/ मुंबई,। वोडाफोन समूह ने इस बात की पुष्टि की है कि वोडाफोन इंडिया को भारत के आदित्य बिड़ला समूह की टेलिकाॅम कंपनी आइडिया सेलुलर में मिलाए जाने को लेकर बातचीत चल रही है। मतलब आइडिया सेलुलर आने वाले समय में वोडाफोन इंडिया को खरीद सकता है। वोडाफोन इंडिया अंर्तराष्ट्रीय टेलिकाॅम कंपनी वोडाफोन समूह की भारतीय शाखा है। सोमवार को वोडाफोन समूह ने बयान जारी करते हुए बताया कि वोडाफोन इंडिया को भारतीय टेलिकाॅम कंपनी आइडिया सेलुलर के साथ मिलाए जाने को लेकर सौदे पर बात हो रही है। फिहाल ये सिर्फ बातचीत के लेवल पर ही है। इस डील में इंडस टाॅवर में वोडाफोन के 42 फीसदी शेयर शामिल नहीं होंगे।

फिलहाल इस सौदे की कीमत को लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता। आइडिया सेलुलर कितने में वोडाफोन इंडिया को खरीदेगा, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। साथ ही ये सौदा कब होगा, इसे लेकर भी वोडाफोन समूह ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया है। टेलिकाॅम सेक्टर के जानकारों के मुताबिक यदि आइडिया सेलुलर आने वाले समय में वोडाफोन इंडिया को खरीदता है, तो आदित्य बिड़ला समूह की ये टेलिकाॅम कंपनी देश की सबसे बड़ी कंपनी हो जाएगी और इसका सीधा असर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की हालिया लाॅन्च टेलिकाॅम सेवा श्जीओश् पर होगा। यदि सौदा होता है, तो आइडिया सेलुलर भारतीय टेलिकाॅम बाजार के कुल कारोबार के 43 फीसदी पर कब्जा कर लेगी। साथ ही भारत के कुल मोबाइल उपभोक्ताओं में से 40 फीसदी आइडिया सेलुलर के पास होंगे।