उत्तर प्रदेश लोकतंत्र जातिवाद से ग्रस्तः अमित शाह

लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को लखनऊ में कहा कि उत्तर प्रदेश में पूरा लोकतंत्र जातिवाद से ग्रस्त है। उन्होंने कहा कि देश में ज्यादातर पार्टियां परिवारवाद से ग्रस्त हैं। वहीं भाजपा में जातिवाद और परिवारवाद नहीं है। वह लखनऊ के बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी में आयोजित यूपी के मन की बात  कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित कर रहे थे। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कालाधन रखने वालों पर प्रहार किया। नोट बंदी से काला धन समाप्त होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवा बहुत मेहनती हैं। भाजपा देश और प्रदेश के विकास के लिए युवाओं से सलाह लेगी। उन्होंने कहा कि देश कैसा हो यह तय करने का काम युवाओं का है। भारत के लोगों को जातिवाद और परिवारवाद से ऊपर उठना होगा तभी देश का विकास होगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ही उत्तर प्रदेश का विकास कर सकती है। जिन राज्यों में भाजपा सरकार है वहां अच्छा काम हुआ है। उन्होंने कहा कि जो राजनैतिक पार्टी सबसे अच्छा काम करेगी जनता उसको समर्थन करेगी। उत्तर प्रदेश पूरे देश की राजनीति की दिशा तय करती है। 2014 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को समर्थन दिया। इसी का परिणाम है कि 2014 के बाद मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को रोकने के लिए सपा,बसपा और कांग्रेस सब एक हो गये हैं। लेकिन भाजपा रूकने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गंगा यमुना की कृपा के बाद भी उत्तर प्रदेश का विकास नहीं हुआ।