दोनों शहजादे जनता की आंखों में झोंक रहे धूल

Amit shah

मेरठ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने यहां प्रदेश में सत्तारूढ़ दल समाजवादी पार्टी समेत चुनाव में उसकी सहयोगी कांग्रेस एवं बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने सपा एवं कांग्रेस के गठबन्धन को लेकर अखिलेश और राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि ये दोनों शहजादें मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता की आंखों में धूल झोंकना चाहते हैं। यह उत्तर प्रदेश का विकास नहीं चाहते हैं।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ब्रह्मपुरी के बाहरी इलकों में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता दोनों पार्टियों को देख चुकी है। एक ने देश को लूटा और दूसरे ने प्रदेश को। उन्होंने कहा कि सपा, कांग्रेस एवं बसपा के पिछले 15 वर्ष के शासन में यूपी देश के अन्य राज्यों से पिछड़ गया है। भाजपा चाहती है कि यूपी विकास के रास्ते पर अन्य राज्यों की तरह आगे बढ़े। कानून व्यवस्था बेहतर हो। भाजपा ने विकास के एजेण्डे को यूपी की जनता के सामने रखा है। उन्होंने पार्टी के घोषणापत्र में युवाओं, किसानों से किए अपने वादों को भी जनता के सामने रखा और कहा कि हम उत्तर प्रदेश को समद्ध बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमने यूपी के लघु एवं सीमांत किसानों के ऋण माफ करने और ब्याज मुक्त लोन देने का निर्णय किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश राज में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।
अमित शाह ने कहा कि यूपी में हर रोज 24 बलात्कार एवं 21 बलात्कार की कोशिश की घटनाएं हो रही हैं। इन 5 वर्षों में 2 सौ से ज्यादा जगहों पर दंगे एवं इन पर एक तरफा कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि इनमें 70 प्रतिशत घटनाएं समाजवादी पार्टी के मंत्रियों के क्षेत्रों में हुए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार की राज में 2 लाख 78 हजार अपराधिक घटनाएं हुईं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश को रोजगार में नम्बर वन बनाना चाहते हैं एवं उन्होंने अखिलेश व राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग रेप की घटनाओं में नम्बर वन बनाना चाहते हैं। और हम इस प्रदेश को कृषि विकास में नम्बर वन बनाना चाहते हैं, ये लोग चोरी, डकैती में नम्बर वन बनाना चाहते हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास न सपा, न बसपा और न ही कोई ओर कर सकता है। ये केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ही कर सकती है।
शाह ने कहा कि कांग्रेस, सपा एवं बसपा को आप लोगो ने देख लिया, अब एक मौका भाजपा को दीजिए। उन्होंने कहा कि हम पश्चिमी यूपी का पूरा विकास करेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अभिभावकों को अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए दिल्ली में फ्लैट लेना पड़ता है। हम एन्टी रोमियो दल बनायेंगे। उन्होंने कहा कि मथुरा काण्ड से उत्तर प्रदेश पूरे देश में बदनाम हुआ। सपा के गुण्डों ने हर जगह जमीन हथियाने का काम किया। हम एण्टी भू-माफिया दल बनायेंगे।