Home Uncategorized छापा मारकर सागौन की लकड़ी पकड़ी, आरोपी फरार

छापा मारकर सागौन की लकड़ी पकड़ी, आरोपी फरार

खटीमा। वन विभाग की टीम ने पुलिस की मदद से इस्लामनगर के एक घर में छापा मारा। इस दौरान घर के अंदर से सागौन व खैर की लकड़ी बरामद कीं। जिसकी कीमत 50 हजार से अधिक आंकी जा रही है। हालांकि, आरोपी मौके से भाग निकला। आरोपी के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया। खटीमा के वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र मनराल को बुधवार को सूचना मिली कि इस्लामनगर में एक व्यक्ति के घर में अवैध लकड़ी रखी हैं। सूचना पर वनकर्मियों ने पुलिस की मदद से इस्लामनगर के अकीला के घर में छापा मारा।

टीम को देखकर आरोपी घर से भाग निकला। इस दौरान घर में छिपाकर रखे गए सागौन के 16 गिल्टे, फ्रेम एवं 6 क्विंटल अवैध खैर की लकड़ी बरामद हुई। बताया जाता है कि उक्त खैर की लकड़ी वहां एकत्र कर बरेली, पीलीभीत भेजी जाती थी। इस दौरान टीम को घर से एक कटर मशीन भी मिली जिसे विभाग ने सीज कर दिया। रेंजर मनराल ने बताया कि बरामद लकड़ी को विभाग ने कब्जे में ले लिया है, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है। आरोपी अकीला के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। टीम में वन दरोगा संतोष सिंह भंडारी, पूरन सिंह, भैरव सिंह, गजेंद्र चंद आदि मौजूद थे।