Home Uttarakhand Dehradun समर वैली स्कूल प्रकरण : पीड़ित छात्रा की मां ने न्याय के...

समर वैली स्कूल प्रकरण : पीड़ित छात्रा की मां ने न्याय के लिए खटखटाया अदालत का दरवाजा

Summer Valley School Incident

देहरादून। Summer Valley School Incident समर वैली स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा के कथित शारीरिक शोषण के मामले में अब पीड़ित छात्रा की मां ने अपने बच्चों के भविष्य और न्याय की लड़ाई के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। स्कूल से बच्चों की स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) दिलाने और दूसरे स्कूल में दाखिला सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर दायर उनकी अर्जी को न्यायालय ने स्वीकार कर लिया है। मामले में अगली सुनवाई 28 नवंबर को निर्धारित की गई है।

मामला डालनवाला स्थित समर वैली स्कूल का है, जहां फिजिक्स के शिक्षक पर कक्षा 11 की छात्रा के साथ शारीरिक शोषण का आरोप लगा था। इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को स्कूल से हटा दिया था। हालांकि, पीड़ित पक्ष की ओर से स्कूल की प्रिंसिपल और प्रबंधक पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक को हटाकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने की कोशिश की, जबकि मामले में अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में होनी चाहिए।

नेशनल एसोसिएशन फॉर पेरेंट्स एंड स्टूडेंट्स राइट्स (एनएपीएसआर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरिफ खान ने बताया कि संगठन ने इस प्रकरण को लेकर उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग, महिला आयोग और शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी। संगठन की शिकायत का संज्ञान लेते हुए 12 नवंबर को बाल आयोग ने पीड़ित छात्रा, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों को तलब किया था।

आरिफ खान के मुताबिक, उस दिन बाल आयोग की तत्कालीन अध्यक्ष ने स्कूल प्रबंधन को 16 अक्टूबर की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने तथा पीड़ित छात्रा और उसके भाई को तत्काल टीसी जारी करने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दो दिन के भीतर दोनों बच्चों का किसी अन्य आईसीएसई बोर्ड से संचालित स्कूल में दाखिला सुनिश्चित कराने को कहा गया था।

उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से आयोग में उपस्थित अधिकारियों ने भी दो दिन के भीतर दाखिले की प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिया था। पीड़ित बच्चों की मां से उन दो स्कूलों के नाम भी मांगे गए थे, जहां वह अपने बच्चों का दाखिला कराना चाहती थीं। इसके बाद मां की ओर से दो स्कूलों के नाम शिक्षा विभाग को सुझाए गए, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद न तो स्कूल ने सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराई और न ही बच्चों को टीसी जारी की गई।

आरिफ खान का आरोप है कि शिक्षा विभाग भी बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने बताया कि आयोग में शिक्षा विभाग की ओर से मौजूद आराघर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य सतीश नौटियाल और सौड़ा सरोली के प्रधानाचार्य विमल बाबू को बोर्ड परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि को देखते हुए जल्द दाखिले की व्यवस्था करने को कहा गया था। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

आरिफ खान के अनुसार, जब उन्होंने शिक्षा विभाग की जांच प्रक्रिया में शामिल सतीश नौटियाल से संपर्क कर दाखिले की स्थिति जाननी चाही तो उन्होंने मां की ओर से सुझाए गए दोनों स्कूलों में दाखिला होने से इनकार कर दिया और बीईओ हेमलता गौर से संपर्क करने की सलाह देकर फोन काट दिया।

शर्मनाक : कलयुगी मां ने ही कराया अपनी नाबालिग बेटी का यौनशोषण, प्रेमी सहित गिरफ्तार
मानसिक दिव्यांग भाईयों के यौन शोषण का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
दून के वेल्हम ब्वॉयज स्कूल में रैगिंग यौन शोषण