पराजित मानसिकता से ग्रस्त है सपा-कांग्रेस गठबंधन

rahul gandhi and akhilesh yadav

लखनऊ। केन्द्रीय सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने रविवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस का गठबंधन पराजित मानसिकता से ग्रस्त है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी पार्टी का अस्तित्व बचाने और अखिलेश यादव अपनी कुर्सी बचाने के लिए गठबंधन किया है। यह लोग पहले ही हार मान चुके हैं।

Kalraj mishr

कलराज मिश्र ने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल हुए मतदान में भाजपा 50 से अधिक सीटों पर विजयी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आम जनता की विश्वसनीयता बढ़ी है। जिसका परिणाम यह हुआ कि प्रथम चरण में मतदाताओं ने प्रभावी तरीके से भाजपा के पक्ष में मतदान किया। इस आधार पर मैं कह सकता हूँ कि उत्तर प्रदेश में प्रबल बहुमत के आधार पर भाजपा की सरकार बनेगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के काम बोलता है के नारे पर तंज कसते हुए कलराज मिश्र ने कहा कि उनका काम नहीं उनके कारनामे बोलते हैं।

सपा के मंत्री पत्रकारों को धमका रहे हैं। ग्राम प्रधानों को सपा के नेताओं द्वारा धमकी दी जा रही है कि आपको देख लेंगे। सपाई गुण्डों द्वारा थानों में घुसकर मारपीट कर रहे हैं। आज आमजन त्रस्त है। लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसलिए लोगों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खुलकर मतदान किया है क्योंकि मोदी जी जो वादा करते हैं उसे जमीन पर उतारने का काम किया है। कलराज मिश्र ने कहा कि भाजपा युवाओं को बेरोजगार से स्वरोजगार की तरफ ले जाने का काम कर रही है। हर जिले में हम स्किल डेवलेपमेंट सेन्टर खोलकर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे। वहीं व्यापारियों के कल्याण के लिए व्यापारी कल्याण कोष की स्थापना की जाएगी।