दुबई में हत्या के आरोपी पंजाबी युवकों को कानूनी सहायता देगी पंजाब सरकार

चंडीगढ़ । पंजाब सरकार ने दुबई में एक पाकिस्तानी युवक की हत्या के आरोप में फांसी की सजा प्राप्त पंजाबी युवकों की पैरवी करने का फैसला किया है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री परमिंद्र सिंह ढींडसा इस अभियान को लीड करेंगे। जल्द ही सरकार के मंत्रियों का एक प्रतिनिधि मंडल दुबई जाएगा।
दरअसल दुबई में एक पाकिस्तानी युवक की हत्या हो गई थी। इस हत्या के आरोप में दुबई की अदालत ने दस पंजाबी युवकों को फांसी की सजा सुनाई है। जिसको लेकर पंजाब में राजनीति गर्मा गई है। शनिवार देर शाम पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में मंत्रिमंडल की आपात बैठक हुई। जिसमें इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार किया गया। इसकेे बाद निर्णय लिया गया कि पंजाब सरकार सभी पंजाबी युवकों को पफांसी की सजा से बचाने का प्रयास करेगी। इसके लिए उनको आर्थिक व कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी। इस अभियान को अंजाम देने केे लिए मंत्रिमंडल ने कैबिनेट मंत्री परमिंद्र सिंह ढिंडसा को जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ पंजाब के मंत्रियों की एक टीम दुबई जाएगी। जो वहां के हालात का अध्ययन करने के बाद अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। यह नहीं सूत्रों के अनुसार बैठक में पंजाबी युवकों को बचाने के लिए ब्लड मनी देने पर भी विचार किया गया। पंजाब सरकार के मंत्रियों का समूह इस दिशा में भी प्रयास करेगा।