…और टल गया प्रियंका को बड़ा रोल देने का ऐलान

नई दिल्ली । कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी की बड़ी भूमिका देने की लगभग पूरी तैयारी कर ली थी और इसका बाकायदा ऐलान होने वाला था, लेकिन ऐन मौके पर यह टाल दिया गया। दरअसल, कांग्रेस 24 अकबर रोड स्थित मुख्यालय से प्रेस कांफ्रेंस  कर प्रियंका गांधी को पार्टी में बड़ी भूमिका देने की घोषणा करने वाली थी। पार्टी मान रही थी कि यह घोषणा साल की सबसे बड़ी खबर होगी लेकिन आखिरी समय में पार्टी ने प्रेस वार्ता को रद्द कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री डाॅ. मनमोहन सिंह के राज्यसभा में दिए गए भाषण के कारण अपनी रणनीति बदल दी। प्रधानमंत्री रहते हुए मौन रहने के लिए जाने जाने वाले मनमोहन सिंह ने मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले पर करारा प्रहार किया।

पार्टी को मनमोहन के आक्रामक भाषण पर सकारात्मक फीडबैक मिला और वह नहीं चाहती थी कि उसकी ओर से कोई ऐसा कदम उठे जो चर्चा को किसी और दिशा में मोड़ दे। सूत्रों के मुताबिक नोटबंदी पर मनमोहन सिंह के जोरदार भाषण ने कांग्रेस के विरोध को धार दी जिसे वह खुद ही कुंद नहीं करना चाहती थी। नोटबंदी को लेकर मनमोहन ने अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर ताबड़तोड़ सवाल दागे थे और जोरदार अंदाज में कहा था कि वह नोटबंदी के कतई खिलापफ नहीं हैं, लेकिन इसके खतरनाक दुष्प्रभाव होंगे। सूत्रों के मुताबिक इसी वजह से प्रियंका की यह वार्ता आखिरी समय में रद्द हो गई।