Home Uttarakhand Pauri कुत्ते का पीछा करते हुए घर की रसोई में घुसा गुलदार

कुत्ते का पीछा करते हुए घर की रसोई में घुसा गुलदार

Leopard enters house kitchen while chasing a dog

नई टिहरी। Leopard enters house kitchen while chasing a dog उत्तराखण्ड के पहाड़ी क्षेत्रों में गुलदार की बढ़ती आवाजाही के बीच टिहरी जिले के चंबा ब्लॉक के सौंदकोटी गांव में शुक्रवार रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। कुत्ते का पीछा करते हुए एक गुलदार गांव के रिहायशी इलाके में पहुंच गया और भीम सिंह नेगी के घर की रसोई में जा घुसा। अचानक घर के भीतर गुलदार को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हालांकि, मकान मालिक और ग्रामीणों की सूझबूझ से गुलदार को रसोई के भीतर ही बंद कर दिया गया। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद उसे ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब आठ बजे सौंदकोटी गांव में यह घटना हुई। उस समय भीम सिंह नेगी के परिवार के अन्य सदस्य पास के घर में बारात में शामिल होने गए हुए थे। घर में भीम सिंह और उनकी बुजुर्ग मां मौजूद थीं। इसी दौरान एक गुलदार कुत्ते का पीछा करते हुए उनके घर में घुस आया। बताया गया कि गुलदार के अचानक घर में पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान भीम सिंह नेगी ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए गुलदार को रसोई में बंद कर दिया, जिससे वह घर के अन्य हिस्सों में नहीं जा सका।

स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, गांव में इगास और शादी समारोह के दौरान पटाखों का शोर हो रहा था। माना जा रहा है कि शोर से घबराकर गुलदार रसोई के भीतर ही फंसा रहा। घटना की जानकारी ग्राम प्रधान मंगल सिंह नेगी ने वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

वन दरोगा अजयपाल सिंह पंवार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने करीब ढाई घंटे तक सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। रात लगभग 10रू30 बजे ट्रैंकुलाइजर की मदद से गुलदार को बेहोश किया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से पिंजरे में कैद कर वन चेतना केंद्र ले जाया गया। रेस्क्यू अभियान में आजाद पंवार, जयवीर लाल, विनोद सिंह और दीपक रजवार सहित वन विभाग की टीम के सदस्यों ने सहयोग किया।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए गुलदार का पशु चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाना है। इसके बाद उसे नियमानुसार उचित बचाव केंद्र में रखने की व्यवस्था की जाएगी। घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों के आसपास झाड़ियों की नियमित सफाई रखें, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करें और वन्यजीव दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे खुद पकड़ने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

सौंदकोटी की यह घटना पहाड़ी गांवों में मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष की चुनौती को फिर सामने लाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार की आवाजाही से लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ऐसे में वन विभाग के लिए प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त, निगरानी और त्वरित रेस्क्यू व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।