केदारनाथ में सुबह दर्शन का समय बदला, विशेष पूजा समय पर

रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही बारिश के कारण यात्रियों की संख्या घटने पर श्री बदरी-केदार मंदिर समिति ने केदारनाथ धाम में दर्शनों के समय में बदलाव किया है। अब यात्री सुबह पांच बजे के बजाय छह बजे से दर्शन करेंगे, जबकि अन्य विशेष पूजाएं अपने नियत समय पर चलती रहेंगी। पिछले कुछ दिनों से केदारनाथ धाम में यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आई है। यात्रा शुरू होने के लगभग एक माह तक जहां औसतन दस हजार यात्री प्रतिदिन दर्शन कर रहे थे, वहीं अब यह आंकड़ा दो से ढाई हजार के बीच पहुंच गया है।

इसे देखते हुए मंदिर समिति ने सुबह पांच के बजाय छह बजे से दर्शनों के लिए मुख्य द्वार खोलने का निर्णय किया है। जबकि, मंदिर में तड़के तीन बजे से होने वाली विशेष पूजाएं यथावत रहेंगी। इनमें रुद्राभिषेक, रुद्र महायज्ञ आदि पूजाएं शामिल हैं।मंदिर समिति के कार्याधिकारी अनिल शर्मा ने बताया कि जून शुरुआत से यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई है। इसे देखते हुए दर्शनों का समय बदला गया। इससे किसी भी यात्री को कोई परेशानी नहीं होगी। इसके साथ ही यात्रियों की संख्या और घटने पर हवाई सेवा से आने वाले यात्रियों से वीआइपी दर्शनों का शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। वह भी आम यात्री की तरह दर्शन कर सकते हैं। बता दें कि हेली सेवाओं से आने वाले यात्री वीआइपी दर्शनों के लिए मंदिर समिति के पास 2100 रुपये का शुल्क जमा कराते हैं।