हाॅकी: न्यूजीलैंड ने भारत को 3-2 से हराया

नई दिल्ली  । मेलबर्न में खेले जा रहे चार देशों के हाॅकी टूर्नामेंट के एक रोमांचक मैच में न्यूजीलैंड ने भारतीय पुरुष हाॅकी टीम को 3-2 से हरा दिया। अब भारतीय टीम कल 3/4 स्थान के लिए मलेशिया से भिड़ेगी। भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर में आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम पर दबाव भी बनाया, लेकिन गोल करने में सफल नहीं हो सकी। न्यूजीलैंड ने भी पलटवार किया, लेकिन उन्हें भी सफलता नहीं मिली।
पहला क्वार्टर गोलरहित समाप्त हुआ। दूसरे हाॅफ के तीसरे और मैच के 18वें मिनट में रूपिंदर पाल सिंह ने गोल कर भारत को पहली सफलता दिलाई। हाॅफ टाइम के खत्म होने पर भारतीय टीम 1-0 से आगे रही। तीसरे हाॅपफ में न्यूजीलैंड ने कई आक्रमण किए लेकिन भारतीय रक्षकों ने उनके सारे प्रयास विफल कर दिये। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति पर भारतीय टीम ने अपनी 1-0 की बढ़त बनाये रखी। चैथे और आखिरी क्वार्टर में न्यूजीलैंड ने लगातार दो गोल कर भारतीय टीम को दबाव में ला दिया। मैच के 47वें मिनट में निक रोज ने न्यूजीलैंड के लिए पहला गोल किया। इसके अगले मिनट बाद ही जैकब स्मिथ ने दूसरा गोल कर अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया। 57वें मिनट में हूगो इंग्लिस ने गोल कर न्यूजीलैंड की बढ़त 3-1 कर दी। इसके कुछ देर बाद ही पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर रुपिंदर ने स्कोर 3-2 कर दिया। मैच समाप्त होने पर यही स्कोर रहा और न्यूजीलैंड ने यह मैच 3-2 से जीत लिया।