निरोगी शरीर के लिये प्रत्येक व्यक्ति को योग करना चाहिये: टम्टा

अल्मोड़ा। अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एस0एस0जे0 परिसर के सिमकनी मैदान में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुये केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि निरोगी शरीर के लिये प्रत्येक व्यक्ति को योग करना चाहिये। उन्होंने कहा कि योग से जहां एक ओर हमारा शरीर स्वस्थ रहता है वही दूसरी ओर इससे आध्यात्मिक शान्ति की अनुभूति भी होती है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से विश्व के 177 देशों के समर्थन के फलस्वरूप आज लगभग 100 से अधिक देश योग का प्रचार-प्रसार कर रहे है। इसके प्रचार-प्रसार से भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति का गौरव बढ़ रहा है।

योग के कारण ही भारत को विश्व में एक अलग पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय सभ्यता, संस्कृति तथा जीवन शैली का अभिन्न अंग है। जिसकी वैज्ञानिकता आज पूरा विश्व स्वीकार चुका है।  योग दिवस कार्यक्रम में उपस्थित मा0 विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि योग शारीरिक एवं वैचारिक शुद्धता का सबसे सशक्त माध्यम और स्वस्थ जीवन जीने की एक कला है। उन्होंने कहा कि योग संस्कृति से भारत ने विश्व बन्धुत्व की एक अलख जगाई है। भारत के ऋषि-मुनियों के गहन अध्ययन और शोध से भारत को मिल इस अमूल्य धरोहर को  प्रधानमंत्री के सार्थक प्रयासों से अन्तरराष्ट्रीय मान्यता मिलना भारतवासियों के लिये गौरव की बात है।

सिमकनी मैदान में हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों द्वारा प्रातः 7ः00 बजे से 8ः00 बजे तक योगाभ्यास किया गया। परिसर के योग विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा लोगों के योगाभ्यास कराया गया।  इस अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी0 रेणुका देवी, आवासीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 एच0एस0 धामी, परिसर निदेशक प्रो0 आर0एस0 पथनी, प्रो0 एन0एस0 भण्डारी, प्रो0 जे0एस0 रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष ललित लटवाल, भाजमुयो प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन लटवाल, संजय टम्टा, मुख्य विकास अधिकारी जे0एस0 नागन्याल, उपजिलाधिकारी सदर विवेक राय,नोडल अधिकारी योग डा0 अजित तिवारी, योग विभाग के अध्यक्ष डा0 नवीन भट्ट, पंतजलि योग समिति के जसोद सिंह बिष्ट, सुश्री धनी शाही, डा0 वसुधा पंत, रूप सिंह बिष्ट सहित समस्त विभागीय अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी, पंतजलि एवं स्वाभिमान ट्रस्ट के प्रतिनिधि, कुमायूं विश्वविद्यालय के योग विभाग के छात्र-छात्रायें सहित भारी संख्या में मौजूद लोगों द्वारा योगाभ्यास किया गया।