राष्ट्रपति 6 दिसम्बर को करेंगे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारम्भ

नई दिल्ली । हरियाणा सरकार छह से 10 दिसम्बर तक कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन करेगी। इसका शुभारम्भ राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी करेंगे। यह जानकारी राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को यहाँ हरियाणा भवन में आयोजित पत्रकार सम्मलेन में दी। श्री मनोहर लाल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य आकर्षण गीता पर एक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी होगी जिसमें देश-विदेश से संत, मुनि, विद्वान, कलाकार, शिल्पकार और अन्य लोग भाग लेंगे। इस महोत्सव का शुभारम्भ भी राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी उसी दिन कुरुक्षेत्र विश्व विद्यालय के श्रीमद्भगवद सदन में करेंगे। इसके अलावा वह कृष्ण सर्किट का शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीमद्भगवद गीता के 700 श्लोकों में से 574 श्लोक भगवान श्रीकृष्ण द्वारा बोले गए थे इसलिए देश के 574 जिलों में से एक-एक युवा इसमें भाग लेंगे, जो अपने जिले की मिटटी साथ लाएंगे। उस मिटटी से श्रीकृष्ण की मूर्ति बनायी जाएगी। साथ ही ये युवा कुरुक्षेत्र तक की यात्रा के दौरान जो परिधान पहनेगें उन पर गीता के श्लोक लिखे होंगे।

इस तरह वह रास्ते में गीता का प्रचार करेंगे और सात दिसम्बर को यहाँ 18 हजार विद्यार्थी विशेष समारोह में गीता के श्लोकों का समवेत पाठ भी करेंगे। जो अपने आप में विश्व रिकाॅर्ड बन सकता है। 10 दिसंबर को ब्रह्म सरोवर तट पर वैश्विक गीता गान होगा जिसमें अभिनेत्री हेमा मालिनी द्रोपदी नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। उन्होंने कहा कि गीता और कुरुक्षेत्र हरियाणा की पहचान हैं। मौजूदा दौर में गीता की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। इसके जरिये समाज में नैतिक एवं सांस्कृतिक पुनरुत्थान लाना है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि देश विदेश से आने वाले लोगों को समारोह स्थल पर विमुद्रीकरण के कारण कोई दिक्कत होने नहीं दी जाएगी। वहां पर एटीएम, बैंकों के काउंटर, माइक्रो एटीएम, मोबाइल रिचार्ज आदि तमाम जरूरी सुविधाएँ आॅनलाइन उपलब्ध होंगी। नकदी की भी कोई समस्या नहीं होगी।