बोल्डर की चपेट में आने से महिला की मौत

पिथौरागढ़ । धारचूला के रांथी गांव में एक महिला घास काटने के दौरान पहाड़ से गिरे पत्थर की चपेट में आ गई। जिसे प्राथमिक उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। लेकिन महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले से दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मृतका के पति को दे दी गई है। रांथी गांव के मोकमधार तोक निवासी गंगोत्री देवी 38 पत्नी आन सिंह धामी गांव की महिलाओं के साथ गांव से करीब 2 किमी दूर ताथर के जंगल में घास काटने गई थी। इसी बीच पहाड़ी से एक बोल्डर लुढ़क कर गंगोत्री पर आ गिरा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

गंगोत्री की हालत को देखते हुए साथ गई अन्य महिलाएं और परिजन उसे उपचार के लिए गांव से 14 किमी दूर धारचूला संयुक्त चिकित्सालय ले गए। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही गंगोत्री ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। गंगोत्री की पांच लड़कियां और एक लड़का है। गंगोत्री का पति आन सिंह हरिद्वार में सिंचाई विभाग में नौकरी करता है। घटना की सूचना भूपेंद्र सिंह ने तहसील प्रशासन और मृतका के पति आन सिंह को दे दी है।