बादल का एकमात्र लक्ष्य हिंदू-सिख एकता

जालंधर,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान गठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया है। जालंधर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस की ओर इशारा करते हुए कहा कि पांच साल पहले कुछ लोगों ने पूरी तैयारी कर ली थी लेकिन पंजाब के लोगों ने ऐन मौके पर समझदारी का परिचय देते हुए उनके सपने तोड़ दिए और दोबारा शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को चुनाव में जीत दिलाई।

Modi
मोदी ने बादल को गठबंधन की तरफ से भावी मुख्यमंत्री करार कर दिया और कहा कि बादल में अभी तक इतनी क्षमता है कि वह न सिर्फ आगामी पांच साल तक पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे बल्कि अकाली-भाजपा नेताओं को भी कुशल नेतृत्व देंगे। मोदी ने कहा कि अगर सबसे छोटी उम्र का मुख्यमंत्री बनने का श्रेय प्रकाश सिंह बादल को जाता है तो इस चुनाव के बाद सबसे बड़ी उम्र के मुख्यमंत्री बनने का श्रेय भी इन्हे ही जाएगा। क्योंकि उनके जीवन का एकमात्र लक्ष्य हिंदू-सिख एकता रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि भारत में पंजाब एक ऐसा प्रदेश है जिसकी बदौलत देश का माथा ऊंचा होता है। मोदी आज पंजाब के जालंधर में पहली चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। अकाली दल को पिछले चुनाव में दोआबा पट्टी से ही बढ़त हासिल हुई थी। इसलिए इस रैली को अहम माना जा रहा है। मोदी ने कहा कि पंजाब ऐसा प्रांत है जिसमें पूरे देश को पालने की क्षमता है। हरित क्रांति में इसका बड़ा योगदान रहा है। मोदी ने विरोधी राजनैतिक दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज कुछ लोग अपने स्वार्थों के लिए पंजाब को बदनाम कर रहे हैं। इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने नौजवानों को एकजुट होने की अपील की और कहा कि जिन लोगों ने यहां के नौजवानों की छवि खराब की है। ऐसे लोगों को पंजाब की आन-बान व शान के लिए ऐसी सजा दी जाए कि वह भविष्य में राज्य की ओर आने की हिम्मत न करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कुछ दल अपने हितों के लिए पंजाब को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। पंजाब में आतंकवाद के समय बहुत कुछ खोया है। यहां के लोगों ने कुर्बानी देने से कभी पीछे नहीं हटे। यह गुरूओं, पीरों तथा पैगंबरों की धरती है। मोदी ने पंजाब वासियों को अपील की कि वह पंजाब को बदनाम करने वाली ताकतों को बाहर खदेडने के लिए चार फरवरी को बदला लेने का मौका है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज पूरी तरह से अवसरवादी पार्टी हो चुकी है। कांग्रेस को डूबता जहाज करार देते हुए मोदी ने कहा कि आज के समय में कांग्रेस बीती हुई बात हो चुकी है एवं अपनी साख बचाने के लिए राज्य स्तर पर गठबंधन कर रही है। क्योंकि वह अपने राजनैतिक रूप को जिंदा रख सके।
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा है कि आजादी के बाद अधिकतर समय सत्ता संभालने वाली कांग्रेस ने इस देश में हमेशा ही विकास की बजाए विनाश की राजनीति की। कांग्रेस पार्टी ने सिर्फ अपना व अपने लोगों का विकास किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने विकास की परिभाषा बदली है। प्रधानमंत्री ने एसवाईएल के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि पंजाब के किसानों को उनका अधिकार दिलाने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि सिंधू नदी जल समझौते को बहुत जल्द लागू किया जाएगा। इस नदी के पानी पर पंजाब का अधिकार है। बहुत जल्द पंजाबवासियों को सिंधू नदी का पानी दिया जाएगा।