Home entertainment रजनीकांत के साथ सलमान की फिल्म की स्टोरी पर काम शुरु

रजनीकांत के साथ सलमान की फिल्म की स्टोरी पर काम शुरु

मुंबई । अपनी आने वाली फिल्म रोबोट के सिक्वल के पहले पोस्टर के रिलीज के लिए सुपर स्टार रजनीकांत जब चेन्नई से मुंबई आए, तो इस समारोह में सबसे बड़े सरप्राइज बनकर सलमान खान आए, जिनको बुलाया ही नहीं गया था। सलमान ने कहा कि वे रजनीकांत के फैन हैं, इसलिए खुद को नहीं रोक पाए।

इस समारोह के वास्ते एक दिन पहले तक चीफ गेस्ट की लिस्ट में सबसे ऊपर नाम अमिताभ बच्चन का चल रहा था, जिनके साथ रजनीकांत के करीबी रिश्ते जग जाहिर हैं। अमिताभ बच्चन के अलावा इस लिस्ट में शाहरुख खान का भी नाम था। कौन भूल सकता है कि रोबोट के चिट्टी ने शाहरुख खान की रा-वन में छोटी सी झलक में तालियां बंटोरी थी। चेन्नई एक्सप्रेस के क्लाइमेक्स में शाहरुख ने दीपिका के साथ मिलकर तलाइवा, यानी रजनीकांत के रुतबे को सलाम किया था। कथित तौर पर बिन बुलाए पंहुचे सलमान ने वहां रंग जरुर जमा दिया।

मीडिया की ओर से सवाल हुआ कि रजनीकांत ने सलमान के साथ कभी किसी फिल्म में काम नहीं किया। सुपर स्टार ने जल्दी से जवाब दिया कि सलमान जब कहेंगे, वे उनके साथ फिल्म में काम करने के लिए तैयार हैं। इस समारोह को हुए ज्यादा दिन नहीं हुए और सुगबुगाहट शुरु हो गई कि सलमान अपनी ही कंपनी में फिल्म बनाएंगे, जिसमें तलाइवा उनके साथ होंगे। फिल्म जाहिर है कि हिंदी के साथ तमिल में भी बनेगी। सूत्रों की मानें, तो स्टोरी पर काम शुरु हो चुका है।