हरियाणा में धुंध के कारण कई जगहों पर वाहनों में हुई टक्कर, पांच की मौत

चंडीगढ़  हरियाणा में धुंध के कारण कई जगहों पर वाहन दुर्घटना ग्रस्त हो गए। जिसके कारण पांच लोगों की मौत हो गई। रोहतक में तीन, पानीपत व करनाल में एक-एक लोगों की मौत हुई है। यही नहीं इन घटना में लगभग पांच दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। जिनकों विभिन्न जिलों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह धुंध होने के कारण रोहतक जिले में  घिलोड़ गांव के पास हाइवे पर आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गये। इसी प्रकार करनाल के नीलोखेड़ी के पास सुबह हाईवे पर एक दर्जन से ज्यादा वाहन धुंध के कारण ही आपस में टकरा गए।जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से ज्यादा घायल हो गए। वहीं पानीपत में भी हाइवे पर धुंध के कारण एक दर्जन से ज्यादा वाहन आपस में टकरा गये। जिसमें एक वाॅल्वो चालक की मौत हो गई। जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। सभी जगहों पर दुर्घटना के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। जहां पर स्थानीय पुलिस व आसपास के लोगों द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद जाम को खुलवाया गया।