नौसेना दिखाई अपनी ताकत

Navy

नई दिल्ली । भारतीय नौसेना ने अपना वार्षिक अभ्यास (ट्रोपेक्स -2017) 24 जनवरी से 23 फरवरी के बीच पश्चिमी समुद्र तट पर आयोजित किया। महीनेभर चले इस अभ्यास में पूर्वी और पश्चिमी नौसेना कमांड के 45 से अधिक जहाजों ने भाग लिया। अभ्यास में विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य, 05 पनडुब्बियों (परमाणु संचालित सहित), 50 नौसैनिक विमान, तटरक्षक बल के 11 जहाजों, सेना के जवानों और जगुआर और एडब्ल्यूएसीएस, एस30 सहित वायु सेना से 20 विमानों को शामिल किया गया।

सेना की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अभ्यास संयुक्त रुप से सेना और वायु सेना के साथ पूरा समन्वय बनाते हुए चरणों में आयोजित किया गया। इसमें युद्ध के दौरान लड़ाई के विभिन्न पहलुओं और सशस्त्र बलों के संयुक्त लड़ाकू क्षमताओं को देखते हुए खतरे की स्थितियों पर प्रतिक्रिया करने संबंधित विभिन्न परीक्षण किये गये। भारतीय नौसेना, थलसेना, वायुसेना और तटरक्षक बल के बीच मजबूत अंतर-संचालन और जटिल संघर्ष की स्थिति में संयुक्त अभियान के तौर पर अभ्यास (ट्रोपेक्स -2017) मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य की पृष्ठभूमि में बहुत महत्व रखता है। अभ्यास ने लड़ाकू क्षमता का परीक्षण करने के लिए एक उपयुक्त-अवसर प्रदान किया।