राजनैतिक पार्टियों के लिए मैदान में उतरेंगे बाॅलीवुड सितारे

मुंबई । चुनावों में राजनैतिक पार्टियों के लिए बाॅलीवुड के सितारों का चुनाव प्रचार में आना अब कोई नई बात नहीं रह गई है। केंद्र में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी जल्दी ही उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तरांचल और गुजरात के विधानसभा चुनावों में जाने वाली है। राजनैतिक नजरिए से बेहद अहम समझे जाने वाले इन राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी फिल्मी सितारों की पफौज उतारने जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी राज्यों के चुनाव प्रचार में फिल्मी सितारों को प्रचार का जिम्मा सौंपा जाएगा, इसके लिए योजना अंतिम चरण में है। जानकारों के अनुसार, अनुपम खेर, मनोज तिवारी, परेश रावल जैसे दिग्गजों को इस बारे में बाॅलीवुड सितारों से संपर्क करने को कहा गया है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा सलमान खान, अजय देवगन, अक्षय कुमार जैसे दिग्गज सितारों पर बड़ा दांव खेलने जा रही है। कहा जा रहा है कि इन सितारों के साथ पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह सीधे तौर पर संपर्क में है। इनके अलावा अनुपम खेर और भाजपा की सांसद हेमा मालिनी भी इन राज्यों में प्रचार का हिस्सा रहेंगे। भाजपा के प्रचार करने वाले सितारों में विवेक ओबेराय से लेकर रवीना टंडन तक कई नाम तय माने जा रहे हैं।
उत्तरप्रदेश के प्रचार में नवाजुद्दीन सिद्की, संजय मिश्रा, चंकी पांडे, शेखर सुमन, मधुर भंडारकर, अशोक पंडित को भी इस्तेमाल किया जा सकता है। पिछली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके रवि किशन को भी पार्टी अपने पाले में खींचने की कोशिश कर रही है। पंजाब के चुनावों में प्रचार के लिए अनुपम खेर की सांसद पत्नी किरण खेर और विनोद खन्ना पर दारोमदार रहेगा। पंजाब में भाजपा मशहूर गायक मिका सिंह को भी प्रचार में उतारना चाहती है। नवजोत सिंह सिद्धू के पार्टी से अलग होने के बाद भाजपा वहां एक स्टार कैंपेनर की तलाश कर रही है। गुजरात के चुनावों में परेश रावल के अलावा अभिनेता मनोज जोशी को भी काम पर लगाया जाएगा। अब तक पार्टी के स्टार प्रचारकों में रहे शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर भाजपा की लीडरशिप कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। उम्मीद की जा रही है कि पार्टी इन चुनावों के प्रचार से शाॅटगन शत्रु को दूर ही रखेगी।